कानपुर में बीते पांच दिनों में ऐसे छह गंभीर मरीज हैलट स्थित न्यूरो साइंसेस कोविड अस्पताल के आईसीयू से ठीक होकर घर गए हैं। ये कोरोना के साथ डायबिटीज, हाइपरटेंशन, दमा आदि बीमारियों की भी गिरफ्त में थे। साथ ही इनकी उम्र भी अधिक थी।
इनके साथ अच्छी बात यह रही कि ये सभी समय सेे अस्पताल आ गए। इसके चलते संक्रमण बढ़ने व हालत बिगड़ने के बावजूद इनकी जान बच गई। कोरोना को बिना लक्षण वाले और मॉडरेट रोगी ही नहीं, वे मरीज भी हरा रहे हैं जिन्हें संक्रमण पूरी तरह अपनी गिरफ्त में जकड़ ले रहा है।
इन मरीजों को वेंटिलेटर से बाहर आने के बाद कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं, दो रोगी अधिक कमजोरी होने की वजह से अभी अस्पताल में ही हैं। हैलट के कोविड अस्पताल के आईसीयू से जगतपुर के 70 साल के बुजुर्ग, लालबंगला की 50 साल की महिला, हरजेंदर नगर की 67 साल की महिला, उरई का 30 साल का युवक समेत छह रोगी ठीक हुए हैं।
इन्हें निमोनिया की भी दिक्कत हो गई थी। अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. जीडी यादव ने बताया कि इन मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरबी कमल ने बताया कि कई रोगी वेंटिलेटर पर जाने के बाद भी ठीक हुए हैं।