कानपुर। आईआईटी में रोजाना 25 हजार मास्क का निर्माण होगा। एन 95, एन 99 की खूबियों वाला यह मास्क बाजार से सस्ता होगा। आईआईटी की इनक्यूबेटर कंपनी ई-स्पिन और इंडेमा फाइबर्स ने निर्माण शुरू किया है। आईआईटी का दावा है कि ऐसा करने वाली वह पहली संस्था है। मास्क कंपनी की वेबसाइट के साथ-साथ कई प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे।
मास्क के निर्माण में आईआईटी के सदस्यों प्रो. शिवकुमार, प्रो. रामकुमार, प्रो. राजा अंगमुथु, प्रो. गोपकुमार और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. मनीष कुलकर्णी, डॉ. प्रभात द्विवेदी की मुख्य भूमिका है। आईआईटी के निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने बताया कि कंपनियों की इस सफलता से कोविड से लड़ाई लड़ने में बड़ी कामयाबी हासिल होगी। ई-स्पिन नैनोटेक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक डॉ. संदीप पाटिल ने बताया कि ये मास्क बाजार से सस्ते होंगे।