कानपुर। अलग-अलग श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में शनिवार को तीन प्रवासियों की मौत हो गई। शवों को सेंट्रल स्टेशन पर उतारा गया। इसके बाद कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए।
दिल्ली से दीमापुर जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन में शनिवार को नगालैंड निवासी कोरोना संदिग्ध युवती 23 वर्षीय नैचिनल्यू डिसांग (नैंची) की मौत हो गई। उसे लिवर की बीमारी बताई जा रही है। खांसी और उल्टियां होने से कोच में बैठे अन्य यात्री सहम गए। शव को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सुबह 10 बजे उतारा गया। कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया। रिपोर्ट आने के बाद ही पोस्टमार्टम होगा। नैचिनल्यू डिसांग हिमाचल प्रदेश के एक स्पा सेंटर में काम करती थी। चचेरा भाई भी वहीं एक कॉल सेंटर में नौकरी करता है। युवती चचेरे भाई डैनियल और सहेली इराहुई ने साथ दिल्ली से दीमापुर लौट रही थी। जानकारी पाकर कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर डीएम डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी और डीआईजी अनंत देव भी पहुंचे। डीएम ने जीआरपी को कोरोना की गाइडलाइन से शव का अंतिम संस्कार कराने को कहा।
उन्नाव के यात्री और वृद्धा ने दम तोड़ा
कानपुर। आंध्र प्रदेश से लखनऊ जा रही स्पेशल ट्रेन में उन्नाव निवासी राजेंद्र प्रसाद (50) ने दम तोड़ दिया। जबकि सूरत से सीवान जाने वाली ट्रेन में बिहार के सीवान की रहने वालीं मुन्नी देवी (80) की मौत हो गई। साथ में सफर करने वालों ने बताया कि वह अचानक बेहोश हो गईं। कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। कानपुर रेलवे स्टेशन पर उन्हें मृत घोषित किया गया।