कानपुर। हॉटस्पॉट क्षेत्र कुली बाजार से मुसीबत हटने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को आई रिपोर्ट में यहां दूध के पैकेट सप्लाई करने वाली महिला भी पॉजिटिव निकली है। आशंका है कि उसे इसी क्षेत्र से संक्रमण मिला हो और यह भी हो सकता है उसके माध्यम से और भी कई लोग संक्रमण की चपेट में आए हों।
क्षेत्र के विनोद सोनकर ने जिला प्रशासन से सभी की जांच कराने की मांग की है। दरअसल हॉटस्पॉट कुली बाजार में दूध, आवश्यक वस्तुओं आदि की सप्लाई के लिए कुछ लोग चिह्नित किए गए हैं। इसी क्रम में एक महिला इस क्षेत्र में दूध के पैकेट सप्लाई करती है। महिला में जब संक्रमण की पुष्टि हुई तो लोगों में हड़कंप मच गया, क्योंकि वह महिला क्षेत्र के न जाने कितने घरों में दूध की सप्लाई करती होगी।