हैलट में भर्ती एक जमाती की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव से पॉजिटिव व दूसरे की पॉजिटिव से निगेटिव आ गई। इससे शुक्रवार को अस्पताल में हड़कंप मच गया। स्थिति स्पष्ट करने के लिए दोनों के सैंपल की दोबारा जांच होगी। यह भी माना जा रहा है कि पुराना सैंपल निस्तारित न होने के कारण धोखे से दोबारा लग गया है। या फिर सैंपल में फेरबदल हो गया है। कोरोना निगेटिव रिपोर्ट वाले जमाती के पॉजिटिव होने से मामला गंभीर हो गया। हैलट के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके मौर्या ने कहा कि हो सकता है कि सैंपल पर नाम का स्टीकर चिपकाने में फेरबदल हो गया है। शनिवार को दोनोें के सैंपल की जांच कराई जाएगी।
कानपुर। चार डॉक्टरों और 9 नर्सों के सैंपल शुक्रवार को कोरोना जांच के लिए भेजे गए। इन सभी ने अपने क्वारंटीन का समय पूरा कर लिया है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इन्हें ड्यूटी पर रखा जाएगा। क्वारंटीन में रह रहे जिन 15 डॉक्टरों के सैंपल गुरुवार को निगेटिव आए हैं, उन्हें छात्रावासों में शिफ्ट कर दिया गया है।
कानपुर। सब्जी बेचने वालों, ठेला लगाने वालों और रिलीफ वाहन के लोगों की भी शनिवार से जांच होगी। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच करना है। हॉटस्पॉट क्षेत्रों में भी अधिक से अधिक लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।