कानपुर में कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए शुक्रवार को नारायणा हॉस्पिटल को भी एल-1 (लेवल - वन) की श्रेणी में शामिल किया गया है। अब इस अस्पताल में भी कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती किया जाएगा। अभी तक इस अस्पताल में कोरोना के संदिग्ध मरीज ही भर्ती किए जा रहे थे।
जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें दूसरे एल-1 अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया जाता था। हैलट, कांशीराम हॉस्पिटल, ईएसआईसी जाजमऊ और सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एल वन अस्पताल श्रेणी में शामिल किया गया है। यहां कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जाता है।
एसीएमओ डॉ. एके सिंह, डॉ सुबोध प्रकाश ने बताया कि इन चारों अस्पतालों में कोविड-19 वार्ड बनाए गए हैं। इनमें से हैलट के कोविड-19 वार्ड में 200 बेड, कांशीराम हॉस्पिटल में 77 बेड, ईएसआईसी जाजमऊ अस्पताल में 100 बेड और सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 बीएड हैं।
नारायणा हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए 150 बेड आरक्षित किए गए हैं। इन्हें मिलाकर शहर में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए बेड संख्या बढ़कर 557 हो जाएगी। कोरोना संदिग्ध मरीजों को रखने के लिए भी सेंटर एवं बेड बढ़ाए जा रहे हैं।