उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार को सीओ समेत 20 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं । वहीं उन्नाव, कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा , महोबा और उरई जिले को मिलाकर कोरोना के 66 नए संक्रमित मरीज पाए गए । लगातार कोरोना संक्रमितों का मिलना स्वास्थ्य विभाग और शहरवासियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है । सभी जिलों की कोरोना स्थिति जानने के लिए पूरी खबर पढ़ें ।
हरदोई
जिले के निवासी एक कोरोना संक्रमित की उपचार के दौरान लखनऊ के मेडिकल कालेज में मौत हो गई। इसके अलावा जिले में सीओ हरियावां (सदर) समेत 20 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जनपद में संक्रमितों की संख्या 290 हो गई है। इनमें 70 एक्टिव केस हैं। छह मौते हुई हैं, जबकि संक्रमित पाए जाने के बाद 214 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं।
उन्नाव
संक्रमित पूर्व गंगाघाट इंस्पेक्टर की बेटी समेत 15 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। गंगाघाट क्षेत्र में 10, सदर के तालिबसराय में मां-बेटी, बंधूहार में युवती व मियागंज के हैदराबाद में दो की रिपोर्ट संक्रमित आई हैं। जिले में अब तक 291 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
कन्नौज
जिले में सात और कोरोना पॉजिटिव मिले। मरीजों की संख्या पहुंची 297, इसमें 59 संक्रमितों का कोविड-19 अस्पतालों में चल रहा इलाज, बिहार प्रदेश के श्रमिक समेत तीन की मौत हो चुकी है। संक्रमितों में 189 प्रवासी, जिले में 29 हॉटस्पॉट, गुरुवार को दो नए हॉटस्पॉट बने।
फर्रुखाबाद
जिले में बुधवार की रात आई कोरोना जांच रिपोर्ट में बीएएमएस (बैचलर ऑफ आयुर्वेद मेडिसिन एंड सर्जरी) व पॉलिटेक्निक छात्र सहित छह लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें तीन मरीज शहर, दो कमालगंज व एक कायमगंज का है। सभी मरीजों को एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 230 पहुंच गया है। इनमें 140 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक 8 मरीजों की मौत हो चुकी, जबकि 82 केस एक्टिव हैं।
इटावा
9 साल की बालिका की कोरोना से मौत की पुष्टि हुई है। इसके अतिरिक्त प्रसपा नेता समेत 13 नए संक्रमित मिले हैं। दरअसल, बालिका की मौत छह जुलाई को लखनऊ में हुई थी, गुरुवार को इसकी पुष्टि सीडीओ राजागणपति आर ने की है। बताया बालिका को पांच जुलाई को लखनऊ पीजीआई में भर्ती कराया गया था। जिले में अब 18 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है।
महोबा
शहर और तिंदौली गांव में निकले तीन कोरोना पॉजिटिव को मेडिकल कॉलेज बांदा भेजने के बाद गुरुवार को अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के दो इलाकों को बैरिकेडिंग कराकर सील कर दिया। वहीं, बाजार क्षेत्र में कोरोना संक्रमित मिलने से आधा बाजार बंद करा दिया गया।
उरई
दो तहसील कर्मियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। दोनों के संपर्क के लोगों के सैंपल लेकर उनके मोहल्लों के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें रवाना हो गई हैं। जिले में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 204 हो गई है। जिसमें 165 ठीक हो गए है और एक्टिव केस की संख्या 32 रह गई है। जबकि 7 मौतें हुईं हैं। अधिकारियों के मुताबिक संक्रमण पर रोक लगाने के लिए प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी सर्वे कर रही हैं।