उत्तर प्रदेश में मैनपुरी के करहल में एक जूनियर डॉक्टर में कोरोना की पुष्टि हुई है। जूनियर डॉक्टर इटावा की पैथोलॉजी में मलेरिया, टाइफाइड की जांच कराने आया था। उसके यात्रा इतिहास के आधार पर पैथोलॉजी संचालक, उसके पति और स्टाफ समेत आठ लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पैथोलॉजी बंद कराकर सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। मैनपुरी जिले के करहल निवासी 35 वर्षीय युवक आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज का एक जूनियर डॉक्टर है। वह 19 अप्रैल को शहर के कल्पना नगर स्थित सूर्या पैथोलॉजी पर अपनी मलेरिया, टाइफाइड की जांच कराने आया था।
20 अप्रैल को उसने भोगांव के जवाहर नवोदय विद्यालय में अपनी कोरोना की जांच कराई। 22 अप्रैल को उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। मैनपुरी के सीएमओ ने इसकी पुष्टि की थी। इसके बाद जूनियर डॉक्टर का यात्रा इतिहास खंगाला गया।
इसके आधार पर मैनपुरी जिला प्रशासन ने इटावा प्रशासन को जानकारी दी। शुक्रवार को सूर्या पैथोलॉजी में काम करने वाले चार युवकों, संचालक और संचालक के जिला अस्पताल में तैनात लैब टेक्नीशियन के पति समेत आठ लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिला अस्पताल में भी कुछ लोगों के सैंपल लिए गए हैं। सीएमओ डॉ.एनएस तोमर ने बताया कि पैथोलॉजी में दवा का छिड़काव कराया गया है।