कानपुर। अगले एक सप्ताह में शहर के अधिकांश क्षेत्रों से रेंडम चेकिंग के तहत करीब पंद्रह सौ लोगों की कोरोना जांच कराई जाएगी। शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव और कोविड-19 के नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण ने महानगर में लॉकडाउन को लेकर की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की और निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हॉटस्पॉट और रेड जोन एरिया में तैनात पुलिसकर्मी और स्वास्थ्य कर्मी पीपीई किट में होने चाहिए ताकि इनको भी संक्रमण से बचाया जा सके। लॉकडाउन को और सख्त किया जाए। जिलाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने नोडल अधिकारी को बताया कि हॉटस्पॉट और रेड जोन एरिया में रोजाना ढाई सौ लोगों के सैंपल लेकर जांच की जा रही है। इसी तरह अगले हफ्ते भर में करीब डेढ़ हजार लोगों की जांच कराई जानी है। नोडल अधिकारी ने कहा कि जहां भी कोरोना पॉजिटिव रोगियों को रखा जाए, वहां सभी व्यवस्थाएं पूर्ण हों। पुलिस उप महानिरीक्षक अनंत देव ने बताया कि पॉजिटिव रोगी की कॉन्टेक्ट लिस्ट से अन्य लोगों का पता लगाया जाता है। बैठक में एडीजी पुलिस जयनारायण सिंह, मंडलायुक्त डॉ. सुधीर एम बोबडे, डॉ. आरती लाल चंदानी, एडी हेल्थ डॉ. आरपी सिंह, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार शुक्ल, नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
आज हॉटस्पॉट एरिया का निरीक्षण करेंगे नोडल अधिकारी
नोडल अधिकारी शनिवार को शहर के हॉटस्पॉट एरिया व अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। बता दें कि एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री की तरफ से जारी आदेश में ऐसे सभी जनपदों में जहां पर 20 से अधिक कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं, वहां प्रमुख सचिव स्तर के नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। शुक्रवार देर शाम नोडल अधिकारी यहां पहुंचे।