अकबरपुर सीएचसी में कोविड वैक्सीन का पहला डोज लगवाते अधीक्षक आईएच खान।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। शुक्रवार को जिले के छह अस्पतालों में 12 बूथ पर 1162 के सापेक्ष 849 स्वास्थ्य कर्मियों व प्रथम पंक्ति के लोगों ने बेहिचक कोरोना वैक्सीनेशन कराया। शाम तक जिले में 73 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ। जिला अस्पताल पुरुष में नेटवर्क की समस्या के चलते सबसे कम वैक्सीनेशन हो सका। पुखरायां में 400 के सापेक्ष 279 स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई।
शुक्रवार को जिला अस्पताल पुरुष, अकबरपुर, झींझक, हवासपुर, देवीपुर, पुखरायां सीएचसी में वैक्सीनेशन किया गया। सभी जगहों पर टीकाकरण देरी से शुरू हो सका। स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश यादव व क्षेत्र में संचालित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने टीका लगवाया। जिला अस्पताल में नेटवर्क की समस्या के चलते दो सौ के सापेक्ष 120 का टीकाकरण हो सका। अकबरपुर सीएचसी में सबसे ज्यादा 170 कर्मियों का टीकाकरण हुआ। स्वास्थ्य कर्मियों व अन्य लोगों में वैक्सीनेशन को लेकर डर नहीं दिखा। लोगों ने टीकाकरण कराकर खुशी का इजहार किया। कोविड-19 के नोडल अफसर डॉ. महेंद्र जतारया ने बताया कि 849 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया है। कुल 1200 सौ लोगों को टीकाकरण होना था। 1162 लोगों का लक्ष्य रखा गया था।
चक्कर आने के बाद हालत बिगड़ी
कानपुर देहात। शुक्रवार को कोरोना वैक्सीनेशन के बाद जिला अस्पताल में बूथ नंबर दो पर महिला अस्पताल की वार्ड आया ऊषा देवी व अकबरपुर सीएचसी में आशा कार्यकर्ता अनीता व विमला को चक्कर आने लगे। वहां तैनात डॉक्टर ने तीनों का उपचार किया। डॉक्टरों का कहना कि किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है।