कानपुर देहात। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार पांव पसार रहा है। सोमवार की रात अकबरपुर कस्बा निवासी एक अधेड़ की कानपुर के हैलट अस्पताल में मौत हो गई। मंगलवार को आरटीपीसीआर और एंटीजन किट से हुई जांच में पांच और कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1273 पहुंच गई है। वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हुई है।
अकबरपुर के टीचर्स कालोनी निवासी एक ही परिवार के माता-पिता, पुत्र व पुत्रवधू समेत चार लोगों के कोरोना संक्रमित पाये जाने पर केंद्रीय विद्यालय कोविड अस्पताल भेजा गया था। वहां हालत बिगड़ने पर मां-बेटे को कानपुर हैलट अस्पताल भेजा गया था। सोमवार को उपचार के दौरान बेटे (44) की मौत हो गई। जबकि, मां की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिला संक्रमित रोग विशेषज्ञ डॉ. यतेंद्र शर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमित अधेड़ की हैलट में मौत हुई है। कानपुर मेडिकल कालेज से आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में अमरौधा ब्लाक के भोगनीपुर गांव निवासी वृद्धा कोरोना संक्रमित निकली। एंटीजन किट से जांच में अमरौधा ब्लाक के गौसगंज निवासी महिला व पुरुष, अकबरपुर ब्लाक के माती किशुनपुर निवासी दो युवकों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि कोरोना संक्रमितों को कोविड अस्पताल भेजा गया है। संबंधित क्षेत्रों को सैनिटाइज कराकर सील कराया जा रहा है। अब तक कुल 1273 कोरोना संक्रमितों में 993 स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए हैं। मंगलवार को आठ मरीज ठीक होकर घर भेजे गए हैं।