ज्यूनिया गांव में कोरोना संदिग्ध का सैंपल लेते डॉक्टर।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले के कौरु, रमऊ , मदारपुर, फतेहपुर रोशनाई व ज्यूनियां गांव के कोरोना पॉजिटिव पाए गए मामले के बाद गांव की गलियां सील हैं। इन गांवों को हॉटस्पॉट बनाया गया है। सिकंदरा का सुभाष नगर पहले ही हॉटस्पॉट बना हुआ है। अब जिले में कुल छह हॉटस्पॉट हैं।
ज्यूनियां गांव का युवक कल्याण, मुंबई से लौटा था। वह एक फैक्टरी में काम करता था और परिवार के साथ 1 जून को गांव लौटा था। सैंपल लेकर उसे अकबरपुर में क्वारंटीन सेंटर भेजा गया था। शुक्रवार देर शाम आई रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद ज्यूनियां गांव में प्रवासी मजदूर के घर के तीस मीटर दायरे में गलियां सील की गई है।
रविवार को एसडीएम सदर आनंद कुमार सिंह जिला संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. यतेंद्र शर्मा केसाथ ज्यूनियां गांव पहुंचे। डॉक्टर ने 20 कोरोना संदिग्धों का सैंपल लिए। इन सभी को अकबरपुर के क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। कौरु गांव में स्वास्थ्य विभाग की 14 टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। 588 घरों में में लोगों की थर्मल जांच की जा रही है।
बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोकी गई है। बैरिकेडिंग पर फोर्स तैनात किया गया है। सीएचसी हवासपुर के अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि सोमवार को गांव में कैंप लगाकर लोगों के स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी। कोरोना संदिग्धों का सैंपल भी लिया जाएगा। रमऊ के आठ लोगों को सिकंदरा के क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। अन्य गांवों में भी स्वास्थ्य टीमें स्क्रीनिंग कर रही हैं। कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए तीस लोगों को क्वारंटीन किया गया है।