शिवली के क्वारंटीन सेंटर को सैनिटाइज करता कर्मी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात/पुखरायां। जिल में दो और लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इन्हें दिबियापुर के कोरोना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में अब तक कोरोना से 19 लोग संक्रमित निकले हैं। संक्रमित 19 लोगों में 18 प्रवासी हैं। इनमें से एक की मौत सैनिटाइजर पीने से हो चुकी है। चार लोग ठीक हो चुके हैं।
पुखरायां के आरएसजीयू पीजी कालेज में क्वारंटीन किए गए चांदपुर निवासी युवक और अकोढ़ी गांव निवासी किशोरी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। चांदपुर निवासी युवक अपने दो भाईयों के परिवार के साथ अहमदाबाद में रहा। एक भाई का परिवार पहले आ गया था। दूसरे भाई के परिवार के साथ 22 मई को वह भी आ गया था। सभी लोग क्वारंटीन थे। एक भाई का परिवार 26 मई को घर भेज दिया गया था। दूसरे भाई का परिवार के साथ युवक क्वारंटीन रहा। युवक की पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर गुरुवार को उसके परिवार को जांच के लिए ले जाया गया है। आकोढ़ी निवासी किशोरी अपने पिता, मां, भाई के साथ 21 मई को जयपुर ईदगाह बालबदरपुर मुहल्ला इमाम चौक से आई थी। उसे भी अलग कमरे में क्वारंटीन किया था। डॉ. आदित्य सचान ने बताया कि पॉजिटिव आए युवक और किशोरी के साथ उसके पिता को दिबियापुर कोरोना अस्पताल ले जाया गया है। उधर, बुधवार शाम दो लोग कोरोना पॉजिटिव निकले थे।
शिवली के बीएल पैलेस गेस्ट हाउस में क्वारंटीन रहा 17 वर्षीय कोरोना संक्रमित किशोर अपने 25 वर्षीय भाई के साथ अहमदाबाद में होजरी का काम करता है। 11 मई को दोनों भाई आगरा में ट्रेन से आए। वहां से बस से शिवली तक पहुंचे। दोनों भाई रसूलाबाद थाना क्षेत्र के चंदानिवादा गांव के रहने वाले हैं। कोरोना पॉजिटिव निकलने की सूचना पर जिला संक्रामक रोग विशेषज्ञ शिवली पहुंचे। उन्होंने किशोर की केस हिस्ट्री तलाशने के बाद उसे दिबियापुर कोविड अस्पताल भेजा।
सिकंदरा के सुभाषनगर निवासी युवक ने बताया कि उसका फरवरी माह में दिल्ली निवासी महिला से विवाह हुआ है। 24 मई को पत्नी को दिल्ली से विदा कराकर आया था। दूसरे दिन तबियत खराब होने पर वह पत्नी को सिकंदरा सीएचसी ले गया। वहां महिला का सैंपल जांच को भेजा गया था। बुधवार की रात आई रिपोर्ट में महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। सिकंदरा सीएचसी के चिकित्सक डॉ. विशाल दिवाकर ने बताया कि कोरोना संक्रमित महिला के पति, ससुर, सास, उन्हें कार से लाए चालक व उसके पिता का सैंपल लेकर जांच को भेजा गया है। सभी को रैन बसेरे में रखा गया है।