रूरा में घर के बाहर दीवार पर कोरोना से बचाव का स्लोगन लिखता केंद्रीय विद्यालय का छात्र।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। कोरोना आपदा में मदद के लिए शुक्रवार को सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया। यह नंबर लोगों तक पहुंचाने के लिए केंद्रीय विद्यालय माती के छात्र शिवम ने पहल की। कोरोना से बचाव के लिए घर पर रहें और स्वच्छता रखे की अपील करने के साथ ही कई दीवारों पर कोरोना आपदा हेल्पलाइन नंबर लिख रहे हैं।
कोरोना संकट को लेकर बच्चे मदद को हाथ बढ़ा रहे हैं। कई बच्चे गुल्लक तोड़कर सहायता राशि दान कर चुके हैं। आपदा के समय स्वप्रेरणा से बच्चों की अनूठी पहल सबका ध्यान खींच रही है। शुक्रवार को रूरा में शिवम ने हेल्पलाइन नंबर व कोरोना से बचाव की अपील वॉल पेंटिंग कर की। अकबरपुर रोड की दीवार पर एक छात्र को हेल्पलाइन नंबर पेंट से लिखते देख स्थानीय उदयवीर सिंह, नाहर सिंह यादव ने सराहना की। शिवम ने बताया कि चित्रकला के लिए खरीदे रंग से आपदा के समय हेल्पलाइन नंबर दीवार पर लिखने का विचार आया। कहा कि इससे आमजन को हेल्पलाइन नंबर की जानकारी होगी।