उत्तर प्रदेश के कानपुर में त्योहार मनाने के लिए घर लौट रहे लोग बाहर से संक्रमण लेकर भी आ रहे हैं। महाराष्ट्र और गुजरात से लौट संक्रमितों को हैलट में भर्ती किया गया है। शुक्रवार को दो संक्रमित महाराष्ट्र और एक रोगी गुजरात से लौटने के बाद हैलट में भर्ती हुआ है।
कोरोना के 26 नए संक्रमित और मिले हैं। जेल, आईआईटी समेत शहर के 22 क्षेत्रों में संक्रमण फैल गया है। शहर में एक्टिव केस 219 हो गए हैं। शुक्रवार को जिला कारागार चौबेपुर, आईआईटी, जाजमऊ, गोविंदनगर, शिवपुर, परेड, कल्याणपुर, साकेतनगर, पनकी, दादानगर, विश्व बैंक बर्रा, बिरहाना रोड, पांडुनगर, शास्त्रीनगर, किदवईनगर, सिविल लाइंस, रंजीतनगर, अंबेडकरपुरम, बर्रा, विनायकपुर में संक्रमित मिले हैं।
नगर में संक्रमितों की संख्या 33331 हो गई है। इनमें 32269 ठीक हो गए हैं। हैलट में रात तक 32 संक्रमित भर्ती रहे। इनमें एक रोगी बाई पेप और आठ रोगी आक्सीजन पर हैं। बाहर से संक्रमित होकर आने वालों में कई में आक्सीजन सेच्युरेशन का लेवल कम रहा है।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि इनकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कराई जा रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि मास्क लगाकर निकलें, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें और बेवजह भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाएं।