सेंट्रल यूपी और बुंदेलखंड में कोरोना से संक्रमित की 11 मौत हो गई है, जबकि 1228 नए संक्रमित मिले हैं। कानपुर महानगर में कोरोना से सात की मौत हो गई है और 679 संक्रमित मिले हैं।
इसके अलावा बांदा में एक की मौत व 114 संक्रमित, चित्रकूट 70, हमीरपुर में 28, महोबा एक, कन्नौज एक की मौत व 15 संक्रमित, फर्रुखाबाद में एक की मौत व 26 संक्रमित, इटावा में 93, औरैया में 59, हरदोई में 60, फतेहपुर में 24, उन्नाव में एक की मौत व 59 संक्रमित मिले हैं।
कानपुर में कोरोना संक्रमण का फैलाव दिन प्रतिदिन खतरनाक होता जा रहा। शनिवार को रिकार्ड 679 संक्रमित मिले। पूरे कोराना काल में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित मिले हैं। शुक्रवार को 547 संक्रमित मिले थे। इससे पहले अगस्त-2020 में 536 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। वहीं सात रोगियों की मौत भी हुई।
हैलट और दूसरे कोविड अस्पतालों में गंभीर हालत में मरीज भर्ती हो रहे हैं। कोरोना से अब तक कुल 884 मौत हो चुकी हैं। 20 रोगी वेंटिलेटर पर हैं। 3276 एक्टिव केस हैं। हर आयु वर्ग के लोग संक्रमित हो रहे हैं। हैलट की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ज्योति सक्सेना की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना संक्रमित सात रोगियों की मौत हैलट में हुई है।
गुजैनी के 64 साल के वृद्ध, अशोक नगर के 73 साल के वृद्ध, बर्रा की 70 साल की वृद्धा, गिलिस बाजार के 71 साल के वृद्ध की मौत हुई है। इन्हें कोरोना संक्रमण के अलावा हाइपरटेंशन, डायबिटीज रही है। इसके अलावा गुजैनी की 26 साल की युवती, किदवईनगर के 52 साल के व्यक्ति और शास्त्रीनगर के 50 साल के व्यक्ति की मौत हुई है।
इन तीनों रोगियों को सिर्फ कोरोना के गंभीर लक्षण रहे हैं। इनमें एक रोगी को गैस्ट्राइंटाइटिस का लक्षण था और बाकी दोनों को निमोनिया हुआ था। इनमें से तीन रोगी शुक्रवार रात हैलट आए थे। आक्सीजन सेच्युरेशन कम होने से कुछ ही घंटों में मौत हो गई। अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 36 हजार 872 है। इनमें 32 हजार 712 ठीक हो गए।
शनिवार को 104 और रोगियों ने कोरोना से जंग जीत ली। आठ रोगी अस्पतालों और 96 रोगी होम आइसोलेशन में ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 8476 कोरोना संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए। इनमें 534 सैंपल विशेष सर्विलांस अभियान और 7942 सैंपल रूटीन में लिए गए हैं।