कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर दूसरे दिन शनिवार को भी एक महिला यात्री कोरोना संक्रमित मिली। वह अपने रिश्तेदार के घर मुंबई गई थी। वापसी पर चकेरी एयरपोर्ट पर उसका एंटीजन टेस्ट पॉजिटिव आया, जिस पर स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर टीम ने महिला को घर में ही क्वारंटीन करा दिया गया है।
शुक्रवार को भी मुंबई फ्लाइट से आया एक यात्री पॉजिटिव निकला था। शनिवार को मुंबई फ्लाइट से 139 यात्री चकेरी एयरपोर्ट पर उतरे। 48 यात्रियों का एंटीजन टेस्ट कराया गया। इसमें से एक महिला बांसमंडी के आलम मार्केट निवासी कोरोना संक्रमित मिली। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाकाई लोगों को सूचना दी और महिला को घर में ही होम आइसोलेट करा दिया गया है। एयरपोर्ट पर लगातार मिल रहे कोरोना संक्रमित यात्रियों की वजह से एयरपोर्ट पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं।
80 फीसदी से ज्यादा नहीं बैठेंगे फ्लाइट में
मुुंबई की फ्लाइट में कम यात्री आएं और जाएं, इसलिए इसकी क्षमता घटाकर 80 फीसदी कर दी गई है। मतलब कि 80 प्रतिशत सीटों से ज्यादा सीटें बुक नहीं होंगी। सोशल डिस्टेंसिंग की वजह से वह सीटें खाली रहेंगी। 189 सीटर फ्लाइट में अधिकतम 152 यात्री ही सफर करेंगे।