चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान दे दी।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के चित्रकूट जिले में गुरुवार को इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
यह घटना चित्रकूट जिले के मानिकपुर कस्बे की है। यहां खीरी लखीमपुर जिले के रामनगर चंदन चौकी निवासी संजय कुमार पुत्र लल्लूराम ने अज्ञात कारण के चलते अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी । मकान मालिक व पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंदर से बंद दरवाजे को किसी तरह खोला। इसके बाद बैंक मैनेजर और स्टाफ आदि को बुलाकर उसके परिजनों को सूचना दी गई।
मृतक के मुंह से खून व उल्टी होने पर पुलिस ने आशंका जताई है कि फांसी लगाने के पूर्व उसने जहरीला पदार्थ खाया होगा। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद इसकी पुष्टि होगी। मृतक शादीशुदा है उसका एक बेटा है। लगभग 3 माह से वह बीमारी के चलते मेडिकल अवकाश पर था और कुछ दिन पूर्व ही वह वापस नौकरी पर आया था। मृतक की पत्नी व बेटा गांव में ही रहते हैं। संजय यहां किराए के घर में अकेले रहता था।