औरैया जिले के दिबियापुर क्षेत्र में बेला रोड स्थित गेस्ट हाउस में उस समय हड़कंप मच गया। जब सोमवार रात के लगभग दो बजे खाने के विवाद को लेकर वर और वधू पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों से कई लोग घायल हो गए। इसके बाद शादी की रस्मों को छोड़कर दूल्हा और बाराती अपने घर चले आए। दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास हुए, तो मंगलवार शाम दोनों पक्ष शादी को रजामंद हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार रात बेला रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस में पास के गांव निवासी युवती की शादी की रस्में दिबियापुर में रहने वाले युवक से चल रही थी। जयमाल की रस्में हो चुकीं थीं। इस बीच लड़के के फूफा खाने की क्वॉलिटी को लेकर बिगड़ पड़े। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। मारपीट की इस घटना में वर और वधू पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद दूल्हा और बाराती गेस्ट हाउस से निकल गए।