डेरापुर। खजुरी गांव में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें घायल पक्ष ने दो लोगों के खिलाफ मारपीट व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खजुरी गांव के रामबाबू यादव का भतीजा शिवम यादव मंगलवार को गांव से कांवड़ लेकर लोधेश्वर जा रहा था। परिवार के लोग कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे बजा रहे थे। उसी दौरान गांव के सुनील व पिंटू शराब के नशे में आए और डीजे बजाने पर आपत्ति जताने लगे।
इस पर शिवम के चचेरे भाई अखिलेश ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो दोनों भड़क गए। उन्होंने अखिलेश को लाठी डंडे से पीट दिया। इससे भगदड़ मच गई। इसी बीच दोनों युवक धमकी देकर भाग निकले।
मारपीट में घायल अखिलेश को पिता रामबाबू थाने ले गये और घटना की तहरीर दी। थाना प्रभारी भगवान सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। घायल को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। वहां से डॉ. पवन गुप्ता ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।