कानपुर। सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में उत्तर प्रदेश एक्स सर्विसेस लीग और सैनिक कल्याण विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल, संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष सिंह, एडीएम सिटी राजेश सिंह, सीजेएम सूरज मिश्रा और एडम कमांडेंट कर्नल संदीप सहित अन्य अधिकारियों को झंडा प्रतीक व स्मारिका भेंट की गई। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया।
डीएम ने कहा कि सेना झंडा दिवस, सैनिकों के सम्मान और उनके कल्याण के प्रति समाज की संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से स्वेच्छा से सेना झंडा कोष में योगदान देने की अपील की। इससे पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों और दिव्यांग सैनिकों को सहायता मिल सकेगी। इस मौके पर यूपी एक्स सर्विसेस लीग के अध्यक्ष मेजर योगेंद्र सिंह कटियार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सूर्य प्रताप सिंह व अन्य लोग उपस्थित रहे।