कानपुर। रतनपुर गांव में बनने के दो दिन बाद ही सड़क उखड़ने पर नगर निगम ने ठेकेदार पर 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। इसका पत्र सोमवार को जारी करने की बात कही है। इसके साथ ही ठेकेदार ने सड़क की शनिवार को मरम्मत भी कर दी। उधर, नगर निगम ने दावा किया है कि तारकोल मिक्स गिट्टी ठंडी होने से सड़क उखड़ी है।
नगर निगम ने रतनपुर गांव में नीम के पेड़ से कैलाशेश्वर मंदिर तक करीब 250 मीटर सड़क हाटमिक्स प्लांट से बनाने का ठेका श्रीराम इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रोपराइटर नीरज गुप्ता को दिया है। ठेकेदार ने छह नवंबर को घटिया सड़क बनाई जो सात नवंबर को ही उखड़ने लगी थी। इसे अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। मामला तूल पकड़ता देख ठेकेदार ने फिर से सड़क का निर्माण कराया।
नगर निगम जोन-5 के प्रभारी अभियंता कमलेश पटेल ने बताया कि ठेकेदार ने रात में निर्माण कराया था। डंपरों में लदी तारकोल मिक्स गिट्टी का तापमान कम हो गया था, जिस वजह से वह उखड़ने लगी थी। ठेकेदार को चेतावनी दी है। साथ ही 50,000 रुपये जुर्माना लगाया है। इसका पत्र सोमवार को कार्यालय खुलने पर जारी किया जाएगा।