कानपुर देहात। रसोई गैस की किल्लत थम नहीं रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि रसोई गैस के लिए उन्हें चौतरफा मार झेलनी पड़ रही है। घर में भोजन पकाने का संकट और बाहर सिलिंडर के लिए जुगाड़ लगाते-लगाते थक जाना पड़ रहा है। रविवार को सभी एजेंसियों पर ताला लटकता रहा। इसके बावजूद उपभोक्ता सिलिंडर के लिए गोदाम पहुंच इंतजार में बैठे रहे।
जिले में 34 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इनसे 4, 65, 965 उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। जिसमें 2, 48, 908 सामान्य घरेलू कनेक्शन व 2, 15, 857 उज्ज्वला योजना के उपभोक्ता शामिल हैं। घरेलू गैस सिलिंडर की चल रही किल्लत के बीच पहले जहां प्रतिदिन 6616 सिलिंडर की खपत होती थी, वह बढ़कर 7389 पहुंची गई है। जो आम दिनों की अपेक्षा 773 अधिक है। पूर्ति विभाग के अनुसार जनपद की एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर के स्टॉक उपलब्ध है लेकिन एजेंसियों की स्थिति कुछ और ही हकीकत बया कर रही है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि 15 अप्रैल को कंपनियों से सिलिंडर का लोड लेकर गाड़ी आई थी। इसके बाद लोड न आने से समस्या हो गई है। ऐसे में उपभोक्ताओं को खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।
अकबरपुर इंडेन गैस एजेंसी संचालक विमल कुमार तिवारी ने बताया कि चार दिन से सिलिंडर का लोड नहीं आया है। शुक्रवार तक गोदाम में रखे स्टॉक से वितरण किया गया है। इसके बाद आने वाले उपभोक्ताओं को समझाकर वापस किया गया है। सिलिंडर मिलते ही वितरण शुरू कर दिया जाएगा।