राजपुर। सट्टी थाना क्षेत्र के मुजम्मनपुर गांव में सोमवार शाम को विद्युत निगम की टीम ने बकायेदारों के बिजली के कनेक्शन काटने का अभियान चलाया। इस दौरान कनेक्शन कटने से नाराज एक उपभोक्ता ने लाइनमैन पर चाकू से हमला कर दिया। इससे लाइनमैन घायल हो गया। पुलिस ने अवर अभियंता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सट्टी विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता ने केडी वर्मा ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि सोमवार को संविदा लाइनमैन चंदन सिंह, ओमप्रकाश, चंद्रशेखर, अंशुल, राजकुमार व शिवम एक साथ नौबादपुर फीडर के गांव मुजम्मनपुर में ओटीएस योजना का प्रचार- प्रसार व बकायेदारों के कनेक्शन काटने गए थे। इस दौरान टीम ने गांव के मनीष कुमार को बिजली का बिल बकाया होने की जानकारी देने के साथ जमा करने के लिए कहा। उपभोक्ता के बिल जमा करने से इन्कार करने पर लाइनमैन ने उसका कनेक्शन काट दिया।
आरोप लगाया कि इससे नाराज उपभोक्ता मनीष ने लाइनमैन चंदन सिंह पर ईंट व चाकू से हमला कर घायल कर दिया। साथी सदस्यों से घायल लाइनमैन को सीएचसी राजपुर में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टर ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सट्टी थानाध्यक्ष कालीचरण कुशवाहा ने बताया कि जेई की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।