कानपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से कानपुर से कबरई के बीच ग्रीन फील्ड हाईवे बनाया जाना है। इसके लिए कंसल्टेंट कंपनी का चयन हो गया है। अब यह डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) के लिए सर्वे करा रही है। इसमें यह तय होगा कि कहां पुल, पुलिया और सर्विस रोड बनाई जानी है।
कानपुर के रमईपुर से हमीरपुर होते हुए कबरई की ओर जाने वाला हाईवे संकरा होने से वाहन फंस-फंस कर निकलते हैं। रमईपुर में तो स्थिति यह है कि एक बार में सिर्फ एक ही ट्रक निकल पाता है। जल्दबाजी में निकलने के चलते कई बार हादसे भी हो चुके हैं। इस समस्या के समाधान के लिए एनएचएआई की ओर से 115 किमी तक लंबा हाईवे बनाया जाना है। इसको लेकर एनएचएआई की ओर से एसए इंफ्रा कंपनी को कंसल्टेंट के रूप में चयनित किया गया है। अब कंपनी के अधिकारी बिधनू, घाटमपुर सहित अन्य जगहों पर मिट्टी का परीक्षण कर रहे हैं। इसके बाद छोटा और बड़ा पुल, अंडरपास, सर्विस रोड सहित अन्य चीजों का निर्धारण किया जाएगा। इसमें अभी एक माह का समय लगेगा।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव ने बताया कि डीपीआर के लिए कंसल्टेंट का चयन हो गया है। अब सर्वे किया जा रहा है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया होगी।
-
ओवरलोड की वजह से सड़क की बदल गई है सूरत
हमीरपुर से मौरंग के ओवरलोड ट्रक हाईवे से होकर कानपुर पहुंचते हैं। इन ओवरलोड ट्रकों की वजह से सड़क की सूरत बिगड़ गई है। सड़क में कई जगह नाली बन गई हैं। इससे बाइक सवारों को निकलना बेहद कठिन हो जाता है।