कानपुर। यूपीएमआरसी ने शनिवार को मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 के सभी क्रासओवरों का निर्माण पूरा कर लिया। दोनों अंतिम क्रासओवर नौबस्ता मेट्रो स्टेशन के दोनों छोरों पर ढाले गए।
इसके साथ ही पांच किमी लंबे बारादेवी-नौबस्ता एलिवेटेड सेक्शन में ट्रैक निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। कॉरिडोर-1 के तहत आईआईटी से नौबस्ता तक नौ क्रॉसओवरों का निर्माण किया गया है। क्रॉसओवर वह संरचना होती है जिसके माध्यम से ट्रेन अपना ट्रैक या दिशा बदलती है। आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक पांच क्रॉसओवर हैं जो आईआईटी, गीता नगर और मोतीझील स्टेशनों पर हैं।
यूपीएमआरसी के एमडी सुशील कुमार ने कहा कि बारादेवी-नौबस्ता एलिवेटेड सेक्शन में ट्रैक निर्माण के साथ सिग्नलिंग, टेलिकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य भी चल रहा है। 8.6 किमी लंबे कॉरिडोर-2 के तहत सीएसए-बर्रा-8 तक निर्माण हो रहा है।