कानपुर। बिठूर के मंधना में रहने वाली युवती ने अमेठी में तैनात एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर करीब छह साल तक शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि वर्ष 2019 में आरोपी उसके मकान में किराये पर रहने आया था। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। वर्ष 2025 में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर चयन होने के बाद उसने बातचीत कम कर दी। बाद में उनका मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक वर्ष 2019 में औरैया के बिधूना निवासी युवक उसके मकान में किराये पर रहने आया था। वह वहीं रहकर दूध की डेयरी चलाता था। कुछ समय बाद उसने मकान के बाहर बनी दुकान भी किराये पर ले ली। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। आरोप है कि 13 जुलाई 2021 की रात युवक उससे मिलने घर आया। परिजन ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ की।
युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा। अपने परिजन को जल्द मनाने और शादी करने का भरोसा दिया। वर्ष 2025 में युवक का पुलिस विभाग में सिपाही पद पर चयन हो गया। नौकरी लगने के बाद उसने बातचीत कम कर दी और पूरी तरह संपर्क तोड़ लिया। करीब एक सप्ताह पहले पीड़िता को जानकारी मिली कि सिपाही की बिधूना में दूसरी युवती से सगाई हो गई है। वह अगले दिन पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई न होने पर लखनऊ डीजी कार्यालय में शिकायत के बाद एसीपी कार्यालय में उनके और परिवार के बयान दर्ज किए गए।
कोट::
युवती की शिकायत संज्ञान में है। दोनों पक्षों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-डीसीपी पश्चिम, एसएम कासिम आबिदी