केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर छात्रों को मुफ्त उच्च शिक्षा दी जाएगी। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगे। कांग्रेस किसी से गठबंधन नहीं करेगी, जिसे करना होगा वह खुद आएगा। कांग्रेस प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर अकेले ही चुनाव लड़ेगी।
इटावा में ये बातें एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष मयंक तिवारी ने रविवार को शहर के होटल में प्रेसवार्ता के दौरान कही। कहा कांग्रेस 2019 के लोकसभा चुनाव के घोषणा पत्र में छात्रों को मुफ्त शिक्षा, समान शिक्षा के अवसर, छात्र अधिकार आयोग की स्थापना, परीक्षाओं में भ्रष्टाचार को समाप्त करने अंग्रेजी की कक्षाएं, फीस में कटौती और सीटों में बढ़ोतरी छात्रावास क्षमता का विस्तार जैसे कई अन्य छात्र हित के मुद्दों को शामिल किया जाएगा।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रशांत तिवारी ने कहा कि देश में 65 प्रतिशत आबादी युवाओं की है। इतनी बड़ी संख्या की अनदेखी नहीं की जा सकती। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही बेरोजगारों के लिए रोजगार व शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी। वार्ता के दौरान वरिष्ठ नेता वाचस्पति द्विवेदी, आसिफ वारसी, मोहित दुबे, आसिफ जरदान, असलम आलम, शैलेंद्र मिश्रा, दिपेंद्र प्रजापति, सुजल तिवारी, रिषभ तिवारी, सलमान हसन, राजीव कश्यप आदि मौजूद रहे।