कानपुर देहात। तहसीलों में आयोजित होने पर संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादी समाधान के लिए शिकायतें लेकर पहुंचते हैं। अफसर निस्तारण का दावा जरूर करते हैं मगर हकीकत में शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर हो रहे हैं। एक बार में निस्तारण न होने पर फरियादी तहसील के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
जिले में छह तहसीलें हैं। प्रत्येक माह में पहले व तीसरे शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस होता है। एक तहसील में जिला स्तरीय दिवस में डीएम व एसपी शिकायतें सुनते हैं। जिले में प्रति दिवस औसतन 400 शिकायतें दर्ज होती हैं। संबंधित विभाग के अधिकारी को जांच कर हर हाल में एक सप्ताह में समाधान के निर्देश हैं। इसके बाद एक सप्ताह में फरियादी के संतुष्ठ होने पर दोबारा जांच कराई जाती है। हालांकि शिकायतों के समाधान की धरातल पर हकीकत अलग है। हालात ये हैं कि जांच अधिकारी ठीक से सुनवाई न कर केवल कागजी निस्तारण कर रहे हैं। इसकी वजह से समस्या जस की तस बनी रहती है। इससे पीड़ितों को तहसीलों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
........................
केस एक :
नाली पर अतिक्रमण जस का तस
अकबरपुर के संजय नगर निवासी अनुराग अवस्थी ने नाली पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। तहसीलदार ने ईओ अकबरपुर को जांच सौंपी। निस्तारण में सिविल वाद कोर्ट में विचाराधीन होने की टिप्पणी कर निस्तारण कर दिया गया। पीड़ित का तर्क है कि नाली नगर निकाय प्रशासन के अधीन है। इसका कोई विवाद नहीं है और नाली से संबंधित प्रकरण भी कोर्ट में नहीं है। एसडीएम सदर नीलिमा यादव ने अतिक्रमण की शिकायत दोबारा शिकायत आने पर नायब तहसीलदार व ईओ अकबरपुर की संयुक्त जांच टीम बनाई है।
......................
केस दो :
छह शिकायतें की मगर बहाल नहीं हुई नलकूप की बिजली
अकबरपुर के सलावतपुर निवासी तेज सिंह ने बताया कि निजी नलकूप की बिजली आपूर्ति बंद है। अब तक छह बार शिकायतें कर चुके हैं इसके बाद भी समस्या जस की तस है। सिंचाई इंतजाम नहीं होने से कोई फसल नहीं हो पा रही है। कर्ज बढ़ता जा रहा है। एसडीएम सदर ने एक्सईएन विद्युत को कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही फरियादी से दिए मोबाइल नंबर पर फीडबैक लिए जाने के लिए निर्देशित किया है।
.......................
केस तीन :
जर्जर तार की समस्या जस की तस
रूरा उपकेंद्र से जुड़े पुर गांव निवासी गयाप्रसाद ने बताया कि निजी नलकूप की बिजली लाइन के तार जर्जर हैं। ट्रांसफार्मर से लो वोल्टेज की दिक्कत बनी है। जुलाई, अगस्त व सितंबर में तीन प्रार्थनापत्र दिए। आरोप लगाया कि न ट्रांसफार्मर बदला गया और न जर्जर तार ही बदल सके। रूरा एसडीओ का विरोध करने पर लाइनमैन ने टूटा तार तीन दिन बाद जोड़ा था। जर्जर तार व लो वोल्टेज की वजह से फसल सिंचाई की समस्या बनी है। एडीएम न्यायिक ने एक्सईएन रनियां को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
.....................
दो प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में ही अंतर
शेरपुर तरौंदा निवासी पच्चो देवी ने बताया कि एक फैक्टरी का गंदा पानी उसके खेत में बहाया जा रहा है। दो बार शिकायत की जा चुकी है। आरोप लगाया कि एक प्रार्थना पत्र के निस्तारण में धान की फसल नष्ट होने की आख्या दी गई है। जबकि दूसरे प्रार्थना पत्र के निस्तारण खेत में गंदा पानी नहीं जाने का जिक्र किया गया है। दोनों प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में भ्रामक आख्या दी गई है। नष्ट हुई फसल का मुआवजा दिया जाए और गंदा पानी बहाना बंद किया जाए। शिकायतों की पुनरावृत्ति पर एसडीएम सदर ने प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
....................
वर्जन......
सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री संदर्भ, संपूर्ण समाधान दिवस या आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हो रही शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायतों के निस्तारण की फीडिंग नियमित रूप से की जाए इसके लिए भी बताया गया है। रैंडम आधार पर अधिकारी स्वयं फीडिंग का परीक्षण करें और केवल संतुष्टिपरक निस्तारण ही पोर्टल पर अपलोड हों इसके निर्देश दिए हैं। निस्तारणों के फीड बैक लेकर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। - कपिल सिंह, डीएम