हमीरपुर के पाटनपुर गांव निवासी मलखान ने बताया कि गुजरात के सूरत में रहकर मजदूरी करते थे। लॉक डाउन के कारण काम बंद होने पर वह साथी पुनीत के साथ बीते 11 मई को गांव आ गए। दोनों युवक गांव के विद्यालय में बने क्वारंटीन सेंटर में रुक गए।
गांव में प्रधान को हटाए जाने के बाद अमर सिंह, लाखन सिंह व लक्ष्मी कुशवाहा की तीन सदस्यीय समिति बनी हुई है। क्वारंटीन सेंटर में कुल नौ युवक हैं। जिनको समिति द्वारा भोजन नहीं उपलब्ध कराया जा रहा है।
भोजन मांगने पर समिति के सदस्य अमर सिंह उनसे रुपयों की मांग करता है। इसकी शिकायत उन्होंने एसडीएम मौदहा अजीत परेश से की। जिस पर एसडीएम ने उन्हें राशन उपलब्ध कराया। एसडीएम से शिकायत करने पर उसे व उसके साथी सहित अन्य लोगों को अमर सिंह ने अपने साथियों के साथ मारपीट कर क्वारंटी सेंटर से भगा दिया।
जिस पर वह खेतों में डेरा डाले हैं। मलखान ने थाना बिवांर में अमर सिंह, छुट्टू, बिल्लो, गोविंदा, हिमाचल के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।