फर्रुखाबाद। नशे में फुटपाथ पर आलू बेचने वाले के साथ मारपीट करने वाले मुख्य आरक्षी पर कार्रवाई न करने पर पीड़ित की मां ने एसपी से गुहार लगाई। कहा कि डॉक्टरी परीक्षण में शराब की पुष्टि के बावजूद थाना पुलिस ने उनके पुत्र पर ही गंभीर धाराओं में मुकदमा लिख लिया है।
कादरीगेट थाने के मोहल्ला शांतिनगर निवासी मुन्नी देवी ने एसपी को पत्र दिया। कहा कि उनका पुत्र रंजीत कादरीगेट चौराहे के पास आलू बेचकर परिवार चलाता है। 12 नवंबर की शाम थाने के मुख्य आरक्षी सतेंद्र सिंह ने नशे में उसके साथ मारपीट कर दी। यही नहीं जबरन थाने में पकड़कर ले गया। जब उन्होंने बचाने का प्रयास किया, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने दोनों का डॉक्टरी परीक्षण कराया, तो मुख्य आरक्षी नशे में मिला। पुत्र के सिर और शरीर में कई चोटें आईं। इसके बावजूद थाना पुलिस ने पुत्र रंजीत के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। तहरीर देने पर भी पुलिस ने अभी तक सिपाही के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने सीओ स्तर से जांच करवाकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।