रूरा। क्षेत्र के जिनई बनीपारा स्थित पौराणिक बाणेश्वर शिव मंदिर के ठीक सामने स्थित ऊंचे खेरे में बीते दिनों अवैध मिट्टी का खनन किया गया। इसकी जांच नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर की। अब मामले में जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर खनन माफियाओं पर कार्रवाई की मांग की गई है।
बाणेश्वर धाम में आस्था रखने वाले जिला पंचायत सदस्य बउआ त्रिवेदी, सर्वेश गौतम, सुभाष व सती प्रसाद ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। बताया कि डेरापुर तहसील के जिनई बनीपारा में सैकड़ों साल पुराने पौराणिक महत्व के शिव मंदिर के ठीक सामने साढ़े चार बीघा का ऊंचा खेरा (मिट्टी का टीला) है। इसी टीले में अवैध खनन किया गया है।
बीते सात सितंबर की शाम को अवैध खनन होने पर एसडीएम डेरापुर को सूचना दी गई। वहां राजस्व टीम पहुंची तो खनन करा रहे लोगों ने वाहन थाने नहीं ले जाने दिया और अभद्रता की। इस दौरान चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग निकले। इधर, शुक्रवार को नायब तहसीलदार आशीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पहुंची राजस्व टीम ने अवैध खनन की जांच के साथ ही खेरा भूमि की पैमाइश कराई। राजस्व निरीक्षक अनिल शुक्ला ने बताया कि खेरे की करीब एक बीघे जमीन में दो से तीन फीट तक गहराई में खनन किया गया है।
डेरापुर एसडीएम नीरज गौतम ने बताया कि अवैध खनन की रिपोर्ट तैयार कर ली गई। सोमवार तक खनन अधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएंगी। राजस्व टीम से अभद्रता के मामले में सीओ स्तर से कार्रवाई की जानी है। सीओ अकबरपुर संजय सिंह ने बताया कि अभी तक एसडीएम का पत्र नहीं मिला है। पत्र मिलने पर प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।