कानपुर में पिछले दो माह में साइबर ठगी के शिकार हुए 17 लोगों ने शिकायत दर्ज कराने में तेजी दिखाई, तो उनके खातों से उड़े 3.25 लाख रुपये उन्हें वापस मिल गए।
जनवरी से अब तक साइबर ठगी की 196 शिकायतें साइबर सेल में पहुंची हैं। साइबर सेल प्रभारी इंस्पेक्टर लान सिंह ने बताया कि इनमें से 17 मामलों में पीड़ितों ने ठगी होने के 72 घंटे के भीतर साइबर सेल या स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई।
साथ ही संबंधित बैंक और आरबीआई को भी सूचना दी। इसी के आधार पर बैंक को उनके पैसे लौटाने पड़े। इसमें आनंद विहार निवासी हिमांशु माथुर के 20 हजार, गीता नगर के शिवम शुक्ला के 73 हजार, बिल्हौर के अवधेश के 20 हजार, रतनलाल नगर के अमित अरोड़ा के 53 हजार रुपए समेत अन्य लोगों की रकम शामिल है।