वाणिज्यकर की सचल दल टीम के सिपाहियों पर घूस मांगने का आरोप लगा सुतरखाना के सामने टेंपो स्टैंड पर व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। व्यापारियों की भीड़ बढ़ती देखक अधिकारी एक होटल के अंदर घुस गए।
इस पर व्यापारियों ने उनके चालक और सिपाहियों को पकड़ लिया। मामला बढ़ता देखकर अधिकारी बाहर आए और व्यापारियों को समझाकर शांत कराया।
वाणिज्यकर अधिकारी शाम करीब चार बजे सुतरखाना के पास गाड़ियों को चेक रहे थे। इसी दौरान कलक्टरगंज की ओर से दाल से लदे लोडर को भी सिपाहियों ने रोक लिया। आरोप है कि लोडर चालक ने पूरे कागज दिखाए फिर भी उससे दो हजार रुपये मांगे गए। इस पर चालक ने व्यापारियों को फोन कर दिया।
सूचना पर कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री विनोद गुप्ता, युवा अध्यक्ष सत्यप्रकाश जायसवाल और महामंत्री संत मिश्रा, कृपाशंकर, सुधीर गुप्ता, भरत अवस्थी, शिवनंदन पुष्पज, अरुण गुप्ता आदि मौके पर पहुंचे और विरोध जताया।
विनोद गुप्ता ने बताया कि व्यापारियों की भीड़ बढ़ने पर सोनकर और गोपी शुक्ला नाम बताने वाले अधिकारी पास के एक होटल में चले गए। इस पर व्यापारियों ने हंगामा किया तो वे बाहर आए और चालक और सिपाहियों की गलती मानी।
व्यापारियों ने बताया कि उच्चाधिकारियों के मुताबिक शहर की परिधि के अंदर सचल दल टीम जांच नहीं करती। बावजूद इसके यहां अक्सर चेकिंग होती रहती है। इस पर अधिकारियों ने आगे से ऐसा न करने का आश्वासन दिया।