यूपी के फर्रुखाबाद जिले में फेसबुक पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में भाजपा नेता ने थाने में तहरीर दी है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री व विधानपरिषद सदस्य अशोक कटारिया ने अपनी फेसबुक आईडी से इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज करने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन किया था। पूर्व युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष करन सिंह ने प्रदेश महामंत्री की पोस्ट शेयर की। उसी पर कंपिल थाना क्षेत्र के गांव विल्हा निवासी व्यक्ति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अभद्र टिप्पणी की।
इससे नाराज भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष लालाराम शाक्य, संगठन के अन्य लोगों के साथ गुरुवार को थाने पहुंचे। पूर्व युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष करन सिंह ने विल्हा गांव निवासी व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी है। इस दौरान भाजपा पिछड़ा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष आकाश राजपूत, युवा मोर्चा के अध्यक्ष सत्यवर्धन सिंह, हिंदू युवा वाहिनी के देवेश राजपूत, संतोष शाक्य, अजीत कुमार, आलोक राजपूत मौजूद रहे। एसओ महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।