पीछले तीन दिनों से कानपुर देहात के अकबरपुर इलाके में लगातार सभी स्वास्थ्य कर्मी हड़ताल पर हैं। ऐसे मे सभी स्वास्थ्य सेवाएं ठप पड़ी है। गुरुवार को एक रेप पीड़िता रेप परीक्षण को आई, लेकिन हड़ताल के चलते उसे जगह-जगह भटकना पड़ रहा है। अभी तक उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई है। रेप पीड़िता का दर्द समझे बिना ही हड़तालियों ने उसे वापस लौटने को कह दिया है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कानपुर देहात के लगभग 150 स्वास्थय कर्मी सीएमओ ऑफिस के द्वार पर बैठकर कार्य का बहिष्कार कर रहे हैं। हड़ताली मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिता सिंह को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। सीएमओ अनिता सिंह पर अभद्र भाषा इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। इधर, सीएमओ टस से मस होने को तैयार नहीं। इन सबके बीच मरीजों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।
अब कर्मचारी सीएमओ के खिलाफ एफआई दर्ज कराने की तैयारी में जुट गए हैं। जिलेभर के स्वास्थय कर्मीयों का धरने में आने का सिलसिला लगातार जारी है। ऐसे में हड़ताल का न तो कोई अंत नजर आ रहा है, न ही मरीजों की परेशानी दूर होने का कोई रास्ता। उधर, रेप पीड़िता थक-हार कर धरना स्थल पर ही इंतजार को बैठ गई है।