कानपुर देहात। कोरोना की दूसरी लहर मेें भी जिले की स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर ना लाने की गाज आखिरकार सीएमओ पर गिर गई। शासन ने उनका ट्रांसफर कानपुर के यूएचएम में वरिष्ठ परामर्शदाता पद पर किया गया है। जिले में उनकी तैनाती जनवरी 2020 में हुई थी। वहीं मिर्जापुर के एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार राय को जिले में सीएमओ पद पर तैनाती दी गई है।
कोविड-19 की पहली लहर ने पिछले साल जमकर कहर बरपाया था। जिसके बाद शासन ने जिलों में व्यवस्थाओं को चाकचौबंद बनाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में पिछले साल जिले में 24 वेंटिलेटर भेजे गए थे। जिन्हें जिला अस्पताल के कोविड एल-टू अस्पताल में क्रियाशील किया जाना था, लेकिन एक साल में सिर्फ चार वेंटिलेटर ही क्रियाशील हो सके।
इस साल अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर आई तो वेंटिलेटर व आक्सीजन की मांग बढ़ी। इसके बावजूद सीएमओ 18 कबाड़ होते वेंटिलेटर क्रियाशील नहीं कराए। जिसके चलते बड़ी संख्या मेें कोरोना संक्रमित रेफर का पर्चा लेकर भटकने को मजबूर हुए तो कइयों ने अपनी जान तक गंवा दी। पिछले दिनों जिले के प्रभारी मंत्री महेश चंद्र गुप्ता, कमिश्नर राजशेखर व डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने भी सीएमओ की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई थी।
हद तो तब हो गई जब शासन से हर रोज डीएम की अध्यक्षता में होने वाली कोविड-19 की समीक्षा बैठकों से सीएमओ कई-कई दिन तक गायब रहे। जिस पर डीएम ने उनका दर्जनों बार वेतन रोकने की कार्रवाई की, लेकिन लापरवाही जारी रही।
डीएम ने पिछले दिनों सीएमओ डॉ. राजेश कटियार के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन में अर्द्धशासकीय पत्र भेजा था। गुरुवार को शासन से उनका ट्रांसफर यूएचएम चिकित्सालय कानपुर नगर मेें वरिष्ठ परामर्शदाता के पद पर कर दिया गया। वहीं मिर्जापुर के एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार राय को जिले में सीएमओ पद पर तैनाती दी गई है।
यह रहे बड़े मुद्दे
एक साल से शोपीस बने 18 वेंटिलेटर
डीएम की समीक्षा बैठकों से लगातार अनुपस्थिति
निजी अस्पतालों में ओवर रेटिंग पर कार्रवाई में हीलाहवाली
स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की अनियमित उपस्थिति
सरकारी कोविड अस्पतालों में भारी अव्यवस्था
केके श्रीवास्तव बने देहात के एसीएमओ
कानपुर देहात। सीएमओ के अलावा जिले में तैनात अपर सीएमओ डॉ. राजेंद्र कुमार गुप्ता का भी मंडलीय सर्विलांस अधिकारी प्रयागराज के पद पर ट्रांसफर किया गया है। जबकि जनपद फतेहपुर में तैनात एसीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार श्रीवास्तव को इसी पद पर कानपुर देहात में तैनाती दी गई है। शासन ने स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।