तब्लीगी जमात एवं समुदाय विशेष पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला वीडियो वायरल होने पर सुर्खियों में आई जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. आरतीलाल चंदानी के तबादले पर गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुहर लगा दी है।
बताते चलें कि मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल के कोविड-19 हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में चार अप्रैल को तब्लीगी जमात सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव आए सदस्यों को भर्ती कराया गया था। वार्ड में भर्ती होने के बाद जमात के सदस्यों पर डॉक्टरों तथा पैरामेडिकल स्टॉफ को सहयोग नहीं करने, दवाएं नहीं खाने और वार्डों में गंदगी फैलाने के भी आरोप लगे थे।
अस्पताल प्रशासन की ओर से दिए जाने वाला भोजन फेंकने तथा कर्मचारियों से अभद्रता की बातें सामने आईं थीं। उस समय मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य ने उनके इलाज में सहयोग नहीं करने पर प्राचार्य ने नाराजगी जताते हुए मीडिया में बयान दिया था। दो माह बाद उसका वीडियाे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अखिलेश यादव ने भी मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल से कार्रवाई की मांग उठाई थी। इसपर मुख्यमंत्री ने शासन ने जांच रिपोर्ट तलब की थी।