मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महोबा के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। वह बुधवार को बुंदेलखंड की अर्जुन सहायक परियोजना का निरीक्षण करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से इस योजना के लिए आवश्यक धन की उपलब्धता न होने की वजह से परियोजना के पूर्ण होने में विलंब हुआ है।
अब एक से डेढ़ माह के अंदर यह परियोजना पूरी हो जाएगी और इसका लोकार्पण प्रधानमंत्री करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना पूरी होने से चार लाख लोगों को शुद्ध पेयजल मिलेगा। बुंदेलखंड के खेतों में पानी पहुंचेगा, बुंदेलखंड को एक्सप्रेसवे भी दे रहें हैं, जिससे यहां सर्वांगीण विकास हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने 11 मिनट तक सभा को संबोधित किया। इस दौरान कई बार प्रधानमंत्री का जिक्र किया। संबोधन से पहले मुख्यमंत्री ने अर्जुन सहायक परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान हैलीकाप्टर से धसान नदी पर बने लहचुरा बांध का जायजा लिया।
साथ ही अर्जुन सहायक परियोजना के मॉडल एवं मैप का अवलोकन कर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से परियोजना की जानकारी की। सिंचाई विभाग के एचओडी विनोद कुमार निरंजन ने बताया कि इस योजना की 44,381 हेक्टेयर की सिंचन क्षमता है।
इससे महोबा जिले का 29,680 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होगा। इसके बाद सेल्फी पाइंट से सेल्फी ली। इस दौरान जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश, महोबा-हमीरपुर सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, विधायक सदर राकेश गोस्वामी, विधायक चरखारी ब्रजभूषण राजपूत, अपर मुख्य सचिव जल संशाधन टी वेंकटेश, भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर, डीएम सत्येंद्र कुमार, एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।