केंद्रीय जल संसाधन, गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी
कानपुरः केंद्रीय जल संसाधन, गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को प्रदेश भर के जल निगम अधिकारियों के साथ नई दिल्ली में बैठक की। उन्होंने नमामि गंगे योजना के अंतर्गत चल रहे कामों में देरी होने पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। शहर से गए जल निगम के महाप्रबंधक आरके अग्रवाल से सीसामऊ नाले को टैप करने के काम की प्रगति पूछी। अब तक नाला टैप न होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए 15 दिसंबर तक हर हाल में नाले को टैप करने के निर्देश दिए। कुंभ के पहले कानपुर से इलाहाबाद तक जितने भी नाले गंगा को गंदा कर रहे हैं, उन्हें रोकने के निर्देश दिए।
बैठक में श़हर में जारी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से पनकी क्षेत्र के पनका में प्रस्तावित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का काम अब तक शुरू न हो पाने का कारण पूछा। उन्होंने कहा कि बहाने बनाने की बजाय साफ-साफ जवाब दें। टेनरियों से निकलकर गंगा में गिरने वाले केमिकल युक्त प्रदूषित उत्प्रवाह को रोकने के लिए जाजमऊ में प्रस्तावित 30 एमएलडी क्षमता वाले कॉमन इफ्युलेंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। 15 दिसंबर को वित्तीय टेंडर खोले जाएंगे। इस पर गडकरी ने उन्हें 15 दिसंबर को ही टेंडर की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में बनाए गए एसटीपी क्यों नहीं चल रहे हैं, इसके बारे में भी अधिकारियों से सवाल-जवाब किए। कई एसटीपी में अब तक कनेक्शन न होने पर कड़ी नाराजगी जताई।