यूपी के बांदा जिले में जिला पंचायत की दुकान के अभिलेख हस्तांतरण करने के लिए दुकानदार से 23 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे लिपिक को झांसी से आई एंटी करप्शन (भ्रष्टाचार निवारण) टीम ने रंगेहाथ दबोच लिया। शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद टीम उसे अपने साथ लेकर लखनऊ रवाना हो गई।
शहर के कालूकुआं निवासी छोटेलाल ने कैथी बाजार स्थित दुकान नंबर-3 को नरेंद्र रावत से 23 दिसंबर 2013 को लिया था। हस्तांतरण संबंधी अभिलेख और शपथपत्र के साथ जिला पंचायत में अर्जी दी, लेकिन हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। लिपिक जगदीश प्रसाद टरकाते रहे। छोटेलाल के मुताबिक लिपिक ने 23 हजार रुपये रिश्वत मांगी। छोटेलाल ने झांसी जाकर इसकी शिकायत एंटी करप्शन कार्यालय में की।