कानपुर। चंद्रशेखर आजाद जनकल्याण समिति की ओर से शहीद प्रतिमा स्वच्छता अभियान के तहत मंगलवार को चंद्रशेखर आजाद चौराहा स्थित आजाद वाटिका में सफाई अभियान चलाया गया।
समिति के कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा की साफ-सफाई और धुलाई की। साथ ही मूर्ति पर माल्यार्पण किया। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कुमार पांडेय निन्नी ने कहा कि वाटिका में लोगों के गंदगी फैलाने से आजाद की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। वर्षों से वाटिका की रेलिंग का रंग-रोगन नहीं हुआ है। प्रतिमा के ऊपर और पार्क के चारों ओर लगी लाइटें खराब पड़ी हैं। उन्होंने नगर प्रशासन से मांग की कि आजाद वाटिका का शीघ्र सुंदरीकरण कराया जाए। यहां पर अनिल त्रिपाठी, शकील अंसारी, हरिशंकर, संदीप साहू, रवि दत्त मिश्रा, सुधीर साहू, राजे आदि रहे।