ट्रक में लगाई गई आग बुझाते अगिभनशमन कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उन्नाव जिले में साइकिल से स्कूल जा रही कक्षा नौ की छात्रा को गुरुवार सुबह लखपेड़ा चौराहा पर तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने लखनऊ-बांरगमऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। ट्रक में आग लगा दी। वीडियो और फोटो खींचने पर प्रदर्शनकारियों ने राहगीरों से अभद्रता की और कई लोगों के मोबाइल छीनकर जलते ट्रक में फेंक दिए। बवाल पर कई थानों की फोर्स, सीओ और एसडीएम मौके पर पहुंचे। किसी तरह भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से ट्रक में लगी आग को बुझाया। छात्रा के पिता ने ट्रक चालक, क्लीनर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं ट्रक चालक ने करीब 70 अज्ञात लोगों पर मारपीट और ट्रक जलाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के शेखूपुर निवासी गरिमा सिंह (13) पुत्री ज्ञानेंद्र सिंह लखपेड़ा चौराहा स्थित एलवाई मैनपुरिया स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा थी। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। घर से एक किलोमीटर दूर लखपेड़ा चौराहा पर सड़क पार कर रही थी तभी लखनऊ की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। गरिमा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चौराहे पर मौजूद लोगों ने छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
इसी दौरान कुछ लोगों ने ट्रक छोड़कर भाग रहे क्लीनर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। किसी तरह वह खुद को छुड़ाकर भाग गया। इसके बाद भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी। मोबाइल से आग लगाने का वीडियो और फोटो बना रहे लोगों पर भी भीड़ का गुस्सा फूटा। कई लोगों से हाथापाई की और राहगीरों के अलावा कई मीडिया कर्मियों के मोबाइल छीनकर जलते ट्रक में फेंक दिए। चौकी इंचार्ज मोहान अखिलेश प्रजापति पहुंचे और उन्होंने फायर ब्रिगेड को बुलाया। बवाल की सूचना पर कई थानों की फोर्स और एसडीएम हसनगंज सूरज कुमार यादव व सीओ भीम कुमार गौतम भी पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया औैर जाम खुलवाया।