माता पिता के साथ विद्यालय में मौजूद छात्रा
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में फफूंद क्षेत्र के गांव करही के प्राथमिक विद्यालय की कक्षा दो की छात्रा ने प्रधानाध्यापक पर बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्रा के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव करही निवासी फिरोज अली ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी पुत्री आलिया बेगम (08) गांव करही के प्राथमिक विद्यालय जैतपुर फफूंद में कक्षा दो की छात्रा है। गुरुवार को सुबह विद्यालय पहुंची तो विद्यालय के प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश ने पढ़ाई के बाबत पूछने पर जवाब न दे पाने पर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी पीठ में काफी चोटें आईं। उन्होंने प्रधानाध्यापक से इस बारे में बात की तो उन्हें भी धमकाया और स्कूल से पुत्री का नाम काटने की धमकी दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुदीप मिश्रा का कहना है कि पीड़ित छात्रा अपने पिता के साथ थाने आई थी और मामले की तहरीर दी है। छात्रा की पीठ पर घाव के निशान हैं। पुलिस जांच कर रही है। प्रधानाध्यापक के दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस बाबत जैतपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश ने छात्रा के साथ मारपीट की घटना से इंकार किया है।