प्रयागराज में मंडल रेल प्रबंधक से वार्ता करते सलाहकार समिति के सदस्य श्याम मोहन दुबे।
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के लिए मंगलवार को उत्तर मध्य रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य श्याम मोहन दुबे ने मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा से मुलाकात की। उन्होंने समस्या निराकरण के लिए एक पत्र दिया।
सलाहकार समिति सदस्य ने गाड़ी संख्या 4163 संगम एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 5483 व 5484 महानंदा एक्सप्रेस का ठहराव झींझक रेलवे स्टेशन पर बहाल करने की मांग रखी। साथ ही प्लेटफार्म नंबर तीन व चार से बाहर दक्षिण दिशा में पैदल रेलवे पुल को बनवाने की मांग की। बताया कि स्टेशन के प्लेटफार्म आगे और पीछे की दिशा में ऊंचाई से नहीं बनाए गए हैं। लंबे कोच की ट्रेनें जब खड़ी होती हैं तो यात्रियों को परेशानी होती है। स्टेशन पर ऑटोमेटिक ट्रेन की सूचना वाला यंत्र भी नहीं लगा है। ऐसे मेें ट्रेन के आवागमन की सूचना न मिलने से अफरा-तफरी मच जाती है। स्टेशन पर कुछ डिस्प्ले भी नहीं लगे हैं। ट्रेन आने पर यात्री अपने कोच के लिए भागते हुए डिब्बों में चढ़ते हैं। कभी कभी उन्हें यात्रा से वंचित भी होना पड़ता है।
स्टेशन का रेलवे टिकट घर व आरक्षण काउंटर प्लेटफार्म से हटाकर नीचे बनाने व सीनियर डीपीओ राजेश कुमार से स्टेशन पर सफाई कर्मचारी बढ़ाने की मांग रखी। सलाहकार समिति के सदस्य ने बताया कि स्टेशन की समस्याओं के निस्तारण के लिए डीआरएम से भेंटकर पत्र दिया है। उन्होंने समस्या निस्तारण का आश्वासन भी दिया है। इस मौके पर प्रयागराज महानगर व्यापार मंडल अध्यक्ष योगेश गोयल, प्रयागराज महानगर युवा के अध्यक्ष रमन जय हिंद आदि मौजूद रहे।