कानपुर। क्रिकेट के बाद अब खो-खो खेल में भी शहर के खिलाड़ी धाक जमा रहे हैं। घंटाघर निवासी पलक अवस्थी स्टेट और नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में शहर का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वह दो नेशनल, तीन स्टेट और दो बार स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया में हिस्सा ले चुकी हैं। जुलाई के अंतिम सप्ताह में नोएडा में होने वाली स्टेट खो-खो चैंपियनशिप में पलक खेलेंगीं।
पलक यूपी किराना स्कूल में 10वीं की छात्रा हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में स्कूल से ही खो-खो की शुरुआत की थी। बचपन से ही एथलेटिक्स में रुचि रखने वाली पलक को स्कूल की अध्यापिका ने खेलने के लिए प्रेरित किया। कोच शिवलाल ने प्रतिभा को पहचानते हुए पलक को कड़ा अभ्यास कराया और सिर्फ दो साल में ही पलक ने प्रदेश की चर्चित खो-खो खिलाड़ियों में जगह बना ली।
कोच शिवलाल के अनुसार पलक की स्पीड व कैचिंग पावर अन्य खिलाड़ियों से बेहतर है। बतौर आलराउंड की भूमिका में खेलने वाली पलक लगातार कई चैंपियनशिप में छाप छोड़ चुकी हैं। वह कोच के मार्गदर्शन में कड़ा अभ्यास कर भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए पसीना बहा रही हैं।
टीम को दिलाया स्वर्ण पदक
पलक दो बाद स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की स्पर्धा में प्रतिभाग कर चुकी हैं। साथ ही यूथ ओलिंपिक में यूपी किराना स्कूल की टीम को स्वर्ण पदक जिताया। पिता महेंद्र अवस्थी, मां मंजू और कोच शिवलाल को पहल आदर्श मानती हैं। उसका लक्ष्य खो-खो विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा बनना है।
अब तक जीते पदक
-वर्ष 2023 में नोएडा में स्कूल स्टेट में स्वर्ण पदक जीता।
-वर्ष 2023 में नेशनल स्कूल गेम्स में यूपी की टीम को स्वर्ण पदक दिलाया।
-वर्ष 2024 में वाराणसी में स्टेट खो-खो में रजत पदक जीता।
-वर्ष 2024 में हैदराबाद में नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।