कानपुर। उमस भरी गर्मी और ऊपर से केस्को की ट्रिपिंग व बिजली कटौती से शहरवासी भीषण गर्मी में परेशान हैं। वहीं, केस्को हर दिन अपनी रिपोर्ट में 23 घंटे के आसपास आपूर्ति का दावा करता है, लेकिन हकीकत में ऐसा नहीं होता।
शनिवार को भी शहर भर के लोग ट्रिपिंग की समस्या से आजिज रहे। वहीं, फाॅल्ट और शटडाउन से आधा दर्जन सबस्टेशन से जुड़े मोहल्ले के लोग परेशान रहे।
शुक्रवार देर रात से लेकर शनिवार तक शहर में कई जगह ट्रिपिंग हुई। कल्याणपुर, जरीबचौकी, रेल बाजार, चकेरी, मॉल रोड समेत दक्षिण के कई मोहल्लों में अंधाधुंध कटौती और ट्रिपिंग हुई।
हालांकि, केस्को का दावा है कि शुक्रवार को शहरवासियों को 23:37 घंटे बिजली आपूर्ति की। यही हाल शनिवार सुबह से देर रात तक रहा। बता दें कि शहर का तापमान 41 डिग्री के आसपास था।