घाटमपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के जहांगीराबाद में बुधवार रात नशेबाजी में हुए विवाद में दोस्त ने युवक को कुल्हाड़ी से काट डाला। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पुलिस से छुड़ाकर जमकर पीटा। बमुश्किल पुलिस उसके थाने ले जा सकी।
जहांगीराबाद निवासी राजकुमार (35) मजदूरी करता था। बुधवार रात इलाकाई निवासीहरिश्चंद्र के साथ घर के बाहर शराब पी रहा था। तभी किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ा तो हरिश्चंद्र ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ राजकुमार पर वार कर दिए। चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इधर आरोपी भाग निकला। पुलिस ने आरोपी को जब गिरफ्तार किया तब भीड़ ने उसको छुड़ा लिया और पीटा। भारी पुलिस बल पहुंची तब आरोपी को छुड़ा पाई। घाटमपुर इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। नशेबाजी में वारदात को अंजाम दिया गया। गुरुवार को आरोपी जेल भेजा जाएगा।