कानपुर। 11 अगस्त से शुरू हो रहे विधानसभा सदन में इस बार कानपुर के चर्चा में रहने की संभावना है। विकास, स्वास्थ्य, सड़क, जाम जैसी समस्याओं के अलावा अपराध को लेकर भी सदन में सवाल उठाए जा सकते हैं। पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायकों की ओर से तैयारी की गई है। पहले दिन हंगामे के आसार को देखते हुए सवाल-जवाब की उम्मीद कम जताई जा रही है। समाजवादी पार्टी से विधायक अमिताभ बाजपेई का कहना है कि नगर निगम, केडीए, स्वास्थ्य विभाग, स्कूलों से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर नोटिस और याचिकाएं तैयार हैं। इसी तरह सत्ता पक्ष के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि हैलट में उच्चस्तरीय चिकित्सा मुहैया कराने के लिए सदन में बात रखने के साथ ही मुख्यमंत्री को भी अवगत कराएंगे।
किदवई नगर विधायक महेश त्रिवेदी ने बताया कि सीटीआई से नौबस्ता-हमीरपुर रोड पर निचली गंगा नहर को पक्का कराने और दोनों तरफ पक्की रोड निर्माण के साथ ही इसे लखनऊ की आलमबाग की नहर जैसा विकसित करने पर चर्चा की जाएगी। नहर दोनों तरफ पक्की की जाएगी। इसके अलावा बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा, सपा से कैंट विधायक मो. हसन रूमी भी सवालों के साथ तैयार हैं।