फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिटी बसों की हड़ताल से यात्री परेशान

Wed, 23 Sep 2015 01:53 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
जेएनएनयूआरएम के तहत चल रहीं सिटी बसों की मंगलवार से शुरू बेमियादी हड़ताल के चलते यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। फजलगंज, विजयनगर और रावतपुर चौराहे पर सवारियां बसों के इंतजार में घंटों खड़ी रहीं। बसों के न आने पर सवारियों को निजी वाहनों से सफर करना पड़ा।
विज्ञापन


उधर, फजलगंज डिपो में सिटी बस संविदा चालकों और आरएम नीरज सक्सेना की बीच हुई वार्ता विफल रही। जिसके बाद संविदा चालकों ने अनिश्चितकालीन चक्काजाम का एलान कर दिया। चालकों की मांग थी कि उन्हें प्राइवेट कंपनी के अधीन न किया जाए, जबकि रोडवेज के आरएम का कहना है कि पूर्व निर्धारित शर्तों के अनुसार बुधवार से सिटी बसों का संचालन निजी कंपनी को ही करना है। इसमें बाधा करने वाले के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाएगी।

जेएनएनयूआरएम की सिटी बस सेवा के तहत फजलगंज से अकबरपुर, रावतपुर से बिल्हौर, नौबस्ता से घाटमपुर और रामादेवी से शिवराजपुर मार्ग पर 75 बसों का संचालन होता है। संविदा बस चालकों की मंगलवार को हड़ताल से इन मार्गों की सवारियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
विज्ञापन


फजलगंज चौराहे पर सिटी बस का इंतजार कर रहे देवीपुर के राम सिंह ने बताया कि दो घंटे से खड़े हैं, एक भी सिटी बस नहीं आई। इसी तरह विजय नगर चौराहे पर बस के इंतजार में खड़े जयनारायण इंटर कॉलेज के छात्र राहुल, संजीव और मोहित ने बताया कि उन्हें अकबरपुर जाना है और वे एक घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं।

रावतपुर चौराहे पर बिल्हौर जाने के लिए सिटी बस के इंतजार में परिवार के साथ खड़े राधेश्याम ने बताया कि दो घंटे से कोई सिटी बस नहीं आई। रावतपुर रेलवे स्टेशन के पास खड़े मैजिक, निजी बसों में लोग लटककर जा रहे थे। यही हाल नौबस्ता और रामादेवी चौराहे पर भी रहा।

गौरतलब है कि 23 सितंबर से महानगर में जेएनएनयूआरएम के तहत चल रही सिटी बसों का संचालन प्राइवेट कंपनी श्यामा श्याम करेगी। इसी कड़ी में रोडवेज महाप्रबंधक नीरज सक्सेना ने संविदा पर रखे गए सिटी बस चालकों को भी उक्त कंपनी के तहत काम करने का फरमान जारी कर दिया।

इस फैसले के विरोध में चालकों ने मंगलवार को सिटी बस नहीं चलाई। सुबह से करीब डेढ़ सौ चालक डिपो में खड़े रहे। दोपहर में संविदा चालक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रामराज विश्वकर्मा भी पहुंच गए। इस बीच आरएम भी फजलगंज डिपो पहुंचे। इनके बीच करीब आधा घंटे तक वार्ता हुई।

संविदा चालक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि रोडवेज ने बांड भराया था, जिसका आज तक नवीनीकरण नहीं कराया। बिना नोटिस के किया जा रहा है। ऐसा हरगिज नहीं होने दिया जाएगा। मांगों केे नहीं माने जाने तक सिटी बसों को नहीं चलने देंगे।

उधर, आरएम नीरज सक्सेना ने बताया कि किसी भी चालक को निकाला नहीं गया है। केसीटीएल (कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड) के बाइलॉज के मुताबिक सिटी बसों का संचालन 23 सितंबर को प्राइवेट कंपनी को दिया जाना है। कोई चालक यदि संचालन में बाधा उत्पन्न करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें